मुजफ्फरनगर।
जनपद के थाना सिखेड़ा क्षेत्र के ग्राम मिर्जाटिल्ला से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ दबंग पड़ोसियों ने रंजिश के चलते एक पशुपालक की आजीविका पर सीधा हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने अपने पालतू कुत्ते को डेरी फार्म में छोड़कर 19 मुर्गी-मुर्गों को मरवा दिया, जबकि 21 मुर्गियों को चोरी कर ले गए।
पीड़ित गौरव सिंह गांव मिर्जाटिल्ला के निवासी हैं और “कीरपाल सिंह डेरी फार्म” के नाम से गाय, भैंस और मुर्गी पालन का व्यवसाय करते हैं। गौरव सिंह के अनुसार उनका काम लगातार बढ़ रहा था, जिससे उनके पड़ोसी ईर्ष्या रखने लगे थे। करीब छह महीने पहले उन्होंने लगभग 40 स्वस्थ मुर्गी-मुर्गे पाल रखे थे।
पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसी धारे पुत्र वीर सिंह और प्रिन्स पुत्र धारे आए दिन उनसे झगड़ा करते रहते थे। बीती 4 फरवरी की रात करीब 12 बजे, दोनों आरोपी अपने पालतू कुत्ते के साथ डेरी फार्म में घुसे। कुत्ते ने 19 मुर्गी-मुर्गों को मार डाला, जबकि बाकी 21 मुर्गियों को आरोपी चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर जब पीड़ित के पिता आरोपियों से शिकायत करने उनके घर पहुँचे, तो उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट की गई। इसके बाद मजबूर होकर पीड़ित पक्ष ने अगले दिन सुबह 7:26 बजे पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची, घटनास्थल की जांच की और मृत मुर्गियों की फोटो भी ली गईं, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि चौकी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न तो चोरी गई मुर्गियों की बरामदगी हुई और न ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
पुलिस कार्रवाई से निराश होकर पीड़ित गौरव सिंह अब SSP कार्यालय पहुँचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। उन्होंने अपने हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में दबंगई, पशुपालकों की सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार को अब न्याय की उम्मीद वरिष्ठ अधिकारियों से है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

