Thursday, October 1, 2026

प्रेम प्रसंग में दो जिंदगियों का दर्दनाक अंत।




उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका की निर्मम हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक वारदात जानसठ कोतवाली क्षेत्र के भलवा गांव की है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भलवा गांव निवासी 27 वर्षीय युवती प्रगति और लगभग 30 वर्षीय युवक रोहित के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखते थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने गुरुग्राम (गुड़गांव) में एक निजी कंपनी में साथ काम भी किया था।

लेकिन परिजनों को यह रिश्ता स्वीकार नहीं था। इसी कारण प्रगति का विवाह परिवार द्वारा कहीं और तय कर दिया गया था, जिसकी तारीख 8 फरवरी निर्धारित थी। इसी बात से आहत रोहित गुरुवार को प्रगति के घर पहुंचा।

सूत्रों के मुताबिक, रोहित और प्रगति के बीच कुछ देर बातचीत हुई, लेकिन बात अचानक विवाद में बदल गई। इसी दौरान रोहित ने धारदार हथियार से प्रगति पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी चाकू मार लिया, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। खुद संजय कुमार वर्मा, एसएसपी मुजफ्फरनगर, भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एक कमरे में खून से लथपथ पड़े प्रेमी युगल के शवों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में हत्या और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार, घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातम पसरा है और हर कोई इस बात से स्तब्ध है कि प्रेम संबंधों में असफलता ने दो जिंदगियों को इस हद तक पहुंचा दिया।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news