जनपद शामली में देर रात पुलिस और लूट गिरोह के बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। झिंझाना–कसेरवा मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रिहान मारा गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक सिपाही घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि लूट की घटनाओं में शामिल गिरोह इस इलाके से गुजरने वाला है। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश रिहान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली से कोतवाली पर तैनात सिपाही सुमित भी घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घायल बदमाश रिहान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मारा गया बदमाश रिहान ओखला, जाकिर नगर का निवासी था और उस पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के 90 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 9 एमएम पिस्टल, एक बाइक और लूटा गया सामान बरामद किया है। हालांकि, इस दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई जिले में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

