मुजफ्फरनगर से एक बेहद गंभीर और भावनात्मक मामला सामने आया है। विदेश में प्यार और शादी के बाद भारत लौटते ही एक महिला के साथ धोखा किए जाने का आरोप है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति उसे आंध्र प्रदेश में छोड़कर फरार हो गया और बाद में दूसरी शादी कर ली। न्याय की आस में महिला अपने एक साल की मासूम बच्ची के साथ मुजफ्फरनगर पहुंची और नगर कोतवाली पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
खबर विस्तार से:
पीड़ित महिला शेख सैयदानी की मुलाकात कुवैत में मोहम्मद आरजू से हुई थी। दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा और बाद में दोनों ने कुवैत में ही शादी कर ली। शादी के बाद दंपति भारत लौटे। आरोप है कि इसके बाद मोहम्मद आरजू अपनी पत्नी शेख सैयदानी को आंध्र प्रदेश में छोड़कर मुजफ्फरनगर आ गया और जल्द वापस ले जाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन फिर कभी लौटकर नहीं गया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने पति के मोबाइल पर उसकी दूसरी शादी का स्टेटस देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। लंबे इंतजार और टूटे भरोसे के बाद शेख सैयदानी अपने एक साल की बच्ची के साथ मुजफ्फरनगर पहुंचीं और नगर कोतवाली में पति के खिलाफ धोखाधड़ी और बेवफाई की शिकायत दर्ज कराई।
नगर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की आपबीती गंभीरता से सुनी और निष्पक्ष कार्रवाई कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। महिला की आंखों में आंसू और गोद में मासूम बच्ची इस धोखे की गवाही दे रही थी। पीड़िता रो-रोकर इंसाफ की गुहार लगाती रही।
> यह मामला न सिर्फ भरोसे के टूटने का है, बल्कि एक महिला और उसकी मासूम बच्ची के भविष्य से जुड़ा गंभीर सामाजिक और कानूनी मुद्दा भी है। पुलिस की कार्रवाई पर अब पीड़िता को न्याय की उम्मीद है।

