Thursday, October 1, 2026

₹5 हजार में iPhone का झांसा, साइबर ठगी गैंग बेनकाब।



रामपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए की जा रही एक संगठित साइबर ठगी का बड़ा खुलासा किया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस और जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में इंस्टाग्राम पर सस्ते iPhone का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाते थे और iPhone की अनबॉक्सिंग वीडियो अपलोड कर भरोसा जीतते थे। इसके बाद वे यह विज्ञापन देते कि ₹50,000 से ₹1,00,000 कीमत वाला iPhone मात्र ₹3,000 से ₹5,000 में उपलब्ध है। जैसे ही कोई व्यक्ति इनके झांसे में आता, उससे एडवांस पेमेंट ले ली जाती थी और फिर संपर्क तोड़ दिया जाता था।

जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को आरोपी एटीएम से निकालकर तुरंत क्रिप्टो करेंसी (USDT) में बदल देते थे, ताकि पैसे का पता लगाना मुश्किल हो जाए। यह तरीका अपनाकर वे पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश करते थे।

बरामदगी:
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें—

3 iPhone, 1 वनप्लस फोन

1 मैकबुक, 1 लैपटॉप, 1 आईपैड

कई बैंकों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड

एक हुंडई वर्ना कार

करीब 800 डॉलर (लगभग ₹80,000) की क्रिप्टो करेंसी


पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 30 से अधिक ईमेल आईडी और 20 से ज्यादा मोबाइल नंबरों का डेटा मिला है, जिससे स्पष्ट होता है कि उन्होंने बड़े पैमाने पर लोगों को ठगी का शिकार बनाया।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं—418, 336(3), 340(2) BNS तथा 66, 66D आईटी एक्ट—के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और ठगी की कुल रकम का आकलन कर रही है।


अनुराग सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर)
“यह एक संगठित साइबर ठगी का मामला है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सस्ते iPhone का लालच देकर ठगते थे और रकम को क्रिप्टो करेंसी में बदल देते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई जारी है।

Latest news
Related news