दिल्ली/लखनऊ। मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि चंदन चौहान ने आज दिल्ली में राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री Jayant Singh से शिष्टाचार भेंट कर मोरना शुगर मिल के विस्तार हेतु स्वीकृत धनराशि प्रदान किए जाने पर हार्दिक आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया। इस अवसर पर गन्ने के रस से बनी खीर खिलाकर शुभकामनाएं भी दी गईं, जो क्षेत्र की परंपरा और किसानों से जुड़े भावनात्मक रिश्ते का प्रतीक है।
भेंट के दौरान चंदन चौहान ने कहा कि मोरना शुगर मिल का विस्तार क्षेत्र के किसानों, गन्ना उत्पादकों और श्रमिकों के लिए बेहद अहम है। इससे गन्ना पेराई क्षमता में वृद्धि होगी, किसानों को समय पर भुगतान मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोज़गार के नए अवसर सृजित होंगे।
इसके पश्चात, चौधरी जयंत सिंह के निर्देशानुसार लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से भेंट की गई। इस दौरान मीरापुर विधानसभा की जनता जनार्दन की ओर से मुख्यमंत्री को आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया गया और उन्हें भी गन्ने के रस से बनी खीर खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।
यह निर्णय केवल एक वित्तीय स्वीकृति नहीं, बल्कि वर्षों की आशा, संघर्ष और विश्वास की जीत है। मोरना शुगर मिल के विस्तार से क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, श्रमिकों को स्थायी रोजगार मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को नई दिशा और मजबूती प्राप्त होगी।

