खबर पश्चिमी यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर से है।
जनपद के मोरना–भोपा थाना क्षेत्र के गांव अथाई में नकली सीमेंट बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण ने आरोप लगाया है कि गांव भोपा स्थित “बाला जी सीमेंट एजेंसी” ने उसे घटिया और नकली गुणवत्ता का सीमेंट बेचा, जिससे उसके घर का लेंटर कमजोर हो गया और अब गिरने का खतरा बना हुआ है।
पीड़ित सन्नी राणा पुत्र जगबीर सिंह ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसने बाला जी सीमेंट एजेंसी से लगभग 30 बोरी सीमेंट खरीदी थी। इसी सीमेंट से उसने अपने घर का लेंटर बनवाया। निर्माण कार्य में सभी जरूरी मानकों और प्रक्रियाओं का पालन किया गया, सही मिश्रण तैयार कराया गया और मजदूरों द्वारा ठीक तरीके से काम किया गया।
लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि लगभग एक महीना बीत जाने के बाद भी सीमेंट ठीक से जमा नहीं हुआ। लेंटर से लगातार पानी टपक रहा है और सीमेंट पानी में घुलता हुआ दिखाई दे रहा है। इससे पूरी संरचना कमजोर हो गई है और घर में रहने वाले परिवार के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
पीड़ित का कहना है कि यदि लेंटर अचानक गिर गया तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। इस घटना के बाद पूरा परिवार भय और चिंता में है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि यह साफ तौर पर नकली या अत्यंत घटिया गुणवत्ता वाले सीमेंट का मामला है।
पीड़ित ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि आरोपी सीमेंट एजेंसी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नकली निर्माण सामग्री बेचने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे मामले बढ़ते जाएंगे और आम लोगों की जान खतरे में पड़ती रहेगी।
जनपद मुजफ्फरनगर के भोपा क्षेत्र से संवाददाता नूर मोहम्मद मलिक की रिपोर्ट।

