मेरठ।
बहन की हत्या के गंभीर और सनसनीखेज मामले में थाना मेडिकल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला बुलंदशहर जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के मोहल्ला तांडा, गली नंबर-3 निवासी रिंकू पुत्र मुकुट लाल की शिकायत पर दर्ज किया गया था, जिसमें उसकी बहन चित्रा की हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया गया था।
वादी की तहरीर के आधार पर थाना मेडिकल, मेरठ में मुकदमा संख्या 0031/2026 दर्ज किया गया। प्रारंभ में मामला भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 85/80(2) एवं डीपी एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान तथ्य सामने आने पर धाराओं में संशोधन करते हुए धारा 103(1) एवं 61(2) बीएनएस लागू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर मेरठ के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन मेरठ के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने दिनांक 24 जनवरी 2026 को मुकदमा उपरोक्त में वांछित आरोपी विशु पुत्र नेमीशरण को दिल्ली के त्रिलोकपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी विशु की उम्र लगभग 39 वर्ष बताई गई है। वह वर्तमान में रोहटा रोड, थाना टीपी नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था, जबकि उसका मूल निवास मीरापुर थाना क्षेत्र, जनपद मुजफ्फरनगर बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को रामदेव मंदिर के पास, ब्लॉक-17 त्रिलोकपुरी दिल्ली से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी गहन जांच कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
बहन की हत्या की इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराध के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
जनपद मेरठ से संवाददाता दीपक वर्मा की रिपोर्ट।

