Friday, October 2, 2026

लोकतंत्र की रक्षा की शपथ, पुलिस ने दोहराया संकल्प।



मुजफ्फरनगर।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मुजफ्फरनगर पुलिस ने लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने पुलिस कर्मियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई।

रविवार को पुलिस अधीक्षक अपराध कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई कि वे लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव की गरिमा को बनाए रखेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे स्वयं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और जागरूक मतदाता सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों से अपील की कि वे न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखें, बल्कि आम जनता को भी मतदान के प्रति जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि चुनाव केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है, जिसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है।

इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में भी संबंधित अधिकारियों द्वारा पुलिस कर्मियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। पूरे जनपद में लोकतंत्र और मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर पुलिस विभाग द्वारा लिया गया यह संकल्प लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news