Thursday, October 1, 2026

5 माह की लव मैरिज का दर्दनाक अंत: पति-पत्नी ने लगाई फांसी, इलाके में सनसनी।



उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद के बिंदकी कस्बे के मोहल्ला बाराती नगर में एक नवविवाहित दंपति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अमरजीत कुशवाहा (28 वर्ष) पुत्र सीताराम कुशवाहा निवासी ग्राम जाफराबाद कोतवाली बिंदकी ने करीब पांच माह पहले गांव की ही रहने वाली रेखा सोनकर (25 वर्ष) से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों बिंदकी कस्बे के मोहल्ला बाराती नगर स्थित एक चार मंजिला मकान में किराए का कमरा लेकर पिछले लगभग एक माह से रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि बुधवार और गुरुवार की मध्य रात किसी बात को लेकर अमरजीत कुशवाहा छत पर बने बाथरूमनुमा कमरे में पहुंच गया और मफलर के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उसकी पत्नी रेखा सोनकर ने अन्य लोगों के साथ कोतवाली बिंदकी पहुंचकर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो अमरजीत का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस की कार्यवाही के दौरान जब पत्नी रेखा दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश शुरू की गई। आसपास और नीचे देखने पर छत की रेलिंग पर लगे सरिये से कपड़े सुखाने वाली रस्सी के सहारे रेखा का शव भी फांसी के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

मृतक युवक के पिता सीताराम और युवती के पिता गंगासागर सोनकर ने भी पुलिस को अपनी जानकारी दी है। परिवार वालों का कहना है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था और पिछले कुछ समय से अलग रह रहे थे। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस बात से हैरान हैं कि महज पांच माह पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपति का जीवन इतनी दुखद तरीके से खत्म हो गया।

Latest news
Related news