Wednesday, October 7, 2026

33 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर गिरा, प्रदूषण जांच केंद्र में लगी आग।



खबर उत्तर प्रदेश का जनपद मुजफ्फरनगर से है।

जनपद की  शहर कोतवाली क्षेत्र के रुड़की रोड स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे स्थित वाहन प्रदूषण जांच केंद्र की दुकान पर गिर गया। तार गिरते ही दुकान में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही HP पेट्रोल पंप के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। बताया गया कि यह 33 केवी विद्युत लाइन अस्पताल बिजलीघर से संचालित होती है।

रुड़की चुंगी बिजलीघर से इरशाद लाइनमैन और शोएब लाइनमैन सहित विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों और बिजली विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से आग पर काबू पा लिया। कर्मचारियों की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

आग लगने से वाहन प्रदूषण जांच केंद्र में रखी प्रदूषण जांच मशीन, कंप्यूटर, दस्तावेज और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में दुकान संचालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कोई व्यक्ति घायल भी नहीं हुआ।

पेट्रोल पंप के सामने हुई इस घटना के चलते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।

हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से लगी आग में प्रदूषण जांच केंद्र का सामान जल गया, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news