बुढ़ाना में महिला चौपाल के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर बरसे नगीना सांसद
मुजफ्फरनगर। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी की सत्ता परिवर्तन यात्रा शनिवार को मुजफ्फरनगर जिले की बुढ़ाना विधानसभा पहुंची, जहां महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने महिलाओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बड़ी रैलियों में लोगों की भीड़ तो दिखाई देती है, लेकिन महिलाओं की वास्तविक समस्याएं सुनने का अवसर नहीं मिल पाता। इसी वजह से पार्टी ने फैसला लिया है कि सत्ता परिवर्तन यात्रा के हर पड़ाव पर महिला चौपाल आयोजित की जाएगी, जहां महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी के 33 प्रमुख मुद्दों को भी महिलाओं के बीच रखा जा रहा है, ताकि यह जाना जा सके कि इन विषयों पर महिलाओं की क्या राय है और उनकी प्राथमिकताएं क्या हैं। चौपाल में बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, शराबबंदी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भाजपा पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता परिवर्तन यात्रा को रोकने के लिए प्रशासनिक दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि बैनर हटाए गए, अनुमति देने में बाधाएं खड़ी की गईं और लोगों को डराने का प्रयास किया गया, लेकिन जनता अब बदलाव चाहती है।
उन्होंने कहा कि साढ़े नौ वर्षों में सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन जमीन पर हालात नहीं बदले। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बदहाल हैं, बिजली की समस्या बनी हुई है, अस्पतालों में डॉक्टर और सुविधाएं नहीं हैं, स्कूल बंद किए जा रहे हैं और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा।
पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस भर्ती से लेकर अन्य बड़ी परीक्षाओं तक में गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर नहीं मिल रहा और बिजली के बढ़ते बिलों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने प्रीपेड बिजली मीटर योजना पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे गरीब परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
‘नगीना मॉडल’ पर लड़ेंगे 2027 का चुनाव
चंद्रशेखर आजाद ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति भी साफ कर दी। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी “नगीना मॉडल” पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा, “जिस तरह भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात मॉडल के नाम पर चुनाव लड़ा था, उसी तरह आजाद समाज पार्टी नगीना मॉडल को जनता के सामने रखेगी।”
उनके अनुसार नगीना मॉडल ऐसा मॉडल होगा जिसमें सभी धर्मों और वर्गों का सम्मान होगा, युवाओं, किसानों और महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी और सरकारी दफ्तरों में गरीबों की सुनवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पत्रकारों के लिए भी किया बड़ा वादा
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर ग्रामीण पत्रकारों के लिए विशेष नीति बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, उन्हें वेतन और पेंशन जैसी सुविधाएं देने पर भी काम किया जाएगा।
शामली के लिए रवाना हुई सत्ता परिवर्तन यात्रा
बुढ़ाना में महिला चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम के बाद आजाद समाज पार्टी की सत्ता परिवर्तन यात्रा शामली जिले के लिए रवाना हो गई। पार्टी का दावा है कि यह यात्रा प्रदेशभर में जाकर जनता को जोड़ने और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए माहौल तैयार करने का काम करेगी।

