Friday, October 2, 2026

15 मई 2026 को सिसौली में उमड़ेगा किसान जनसैलाब, स्वर्गीय चौ. महेन्द्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर होगा बड़ा संकल्प कार्यक्रम



मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान आंदोलन की मजबूत पहचान रहे चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 15 मई 2026 को मुजफ्फरनगर जनपद के सिसौली स्थित किसान भवन में विशाल श्रद्धांजलि एवं किसान संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को इस वर्ष ‘जल-जंगल-जमीन-पर्यावरण बचाओ संकल्प दिवस’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से किसानों, सामाजिक संगठनों, ग्रामीण प्रतिनिधियों और किसान नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और सिसौली में बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा किसानों के अधिकार, खेती-किसानी, जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत का जन्म 6 अक्टूबर 1935 को सिसौली गांव में हुआ था। उन्होंने भारतीय किसान यूनियन के माध्यम से किसानों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया। वर्ष 1988 में दिल्ली के बोट क्लब पर आयोजित ऐतिहासिक किसान आंदोलन के बाद वे देशभर में किसान नेता के रूप में चर्चित हुए। गन्ना मूल्य, बिजली दरों, सिंचाई व्यवस्था और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर उन्होंने कई बड़े आंदोलन किए। ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी सादगीपूर्ण छवि और किसानों के प्रति समर्पण के कारण आज भी उन्हें विशेष सम्मान के साथ याद किया जाता है।

Latest news
Related news