Friday, October 2, 2026

15 करोड़ की बड़ी सौगात: बंद पड़े गंग नहर पुल के पुनर्निर्माण का शुभारंभ!

मुजफ्फरनगर, 31 मई 2026। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अनिल कुमार ने बरला–बसेड़ा–मोरना मार्ग के मध्य गंग नहर पर स्थित क्षतिग्रस्त सेतु के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

गंग नहर पर बना यह पुल काफी समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन के लिए बंद कर दिया गया था। पुल बंद होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि हो रही थी।

भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अनिल कुमार ने कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार इस पुल के पुनर्निर्माण की मांग कर रही थी। जनता की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परियोजना को मंजूरी प्रदान की। उन्होंने बताया कि लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दोनों सेतुओं का निर्माण कराया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि पुल का निर्माण पूरा होने के बाद न केवल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। किसानों को अपनी फसल और कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता तीतावी गन्ना समिति के अध्यक्ष श्री शंकर सिंह भोला ने की, जबकि संचालन भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री पंकज त्यागी ने किया।

इस अवसर पर बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री चंदन चौहान, विधान परिषद सदस्य श्रीमती वंदना वर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय राठी, श्रीमती सुप्रिया पाल, अमरनाथ पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

क्षेत्रवासियों ने पुल निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे विकास और जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होने के बाद वर्षों पुरानी परेशानी का स्थायी समाधान मिल सकेगा।

Latest news
Related news