नोएडा वेस्ट। सेंट्रल नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गौर सौन्दर्यम सोसाइटी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब 25 वर्षीय एमबीए छात्रा ने अपने फ्लैट की 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से सोसाइटी में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शिविका ठकराल (25) के रूप में हुई है। वह अपने पिता विनय ठकराल और परिवार के साथ नोएडा वेस्ट की गौर सौन्दर्यम सोसाइटी के शेरोन टावर में रहती थी। शिविका मोहाली में एमबीए की पढ़ाई कर रही थी और वहीं एक निजी संस्थान में नौकरी भी कर रही थी। होली के अवसर पर छुट्टियां होने के कारण वह कुछ दिन पहले ही अपने घर नोएडा आई हुई थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों ने परिवार को सूचना दी कि उनकी बेटी शिविका ने बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची बिसरख कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। परिवार की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है और परिजन भी आत्महत्या के कारणों के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता सके हैं।
पुलिस ने परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। साथ ही सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के समय की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
बिसरख कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

