Friday, October 2, 2026

12 साल में बदला मुजफ्फरनगर, प्रभारी मंत्री ने पेश किया विकास का रिपोर्ट कार्ड।





मुजफ्फरनगर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने केंद्र और प्रदेश सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि मुजफ्फरनगर ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आईटीआई सभागार में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनपद की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं।

प्रभारी मंत्री ने पवित्र ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल शुकतीर्थ को नमन करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल नारा नहीं बल्कि सरकार की कार्यशैली का आधार रहा है। कानून-व्यवस्था में सुधार और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के कारण आज मुजफ्फरनगर निवेश और विकास के लिए एक सुरक्षित जनपद के रूप में स्थापित हो रहा है।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लाखों को राहत

डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने बताया कि जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का व्यापक लाभ लोगों तक पहुंचाया गया है। निराश्रित महिला, वृद्धावस्था एवं दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के तहत 1 लाख 40 हजार 754 लाभार्थियों को नियमित पेंशन दी जा रही है। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 15 हजार 730 परिवारों को 46 करोड़ 81 लाख रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से 10 हजार 243 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिस पर 53 करोड़ 44 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं, बेटियों और अनाथ बच्चों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की गई।

युवाओं को मिलेगा हाईटेक भविष्य

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए 226.52 करोड़ रुपये की लागत से टाटा सेंटर ऑफ इनोवेशन, इनक्यूबेशन एवं ट्रेनिंग का निर्माण कराया जा रहा है। यह केंद्र युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

इसके अलावा 83.94 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए राजकीय आईटीआई स्थापित किए गए हैं तथा 37.50 करोड़ रुपये से 13 नए राजकीय इंटर कॉलेज बनाए गए हैं। रोजगार मेलों के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में 67 हजार 359 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाया गया है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 1,911 युवाओं को 776.93 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

शुकतीर्थ बनेगा विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने शुकतीर्थ के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि 85.74 करोड़ रुपये की लागत से शुकतीर्थ में साउंड एंड लाइट शो, आधुनिक पार्किंग, पर्यटन सुविधा केंद्र, लैंडस्केपिंग और गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से गंगा की मुख्य धारा को सोलानी नदी तक लाया गया है, जिससे क्षेत्र के धार्मिक महत्व को नई पहचान मिली है। शुकतीर्थ विकास परिषद का गठन भी किया गया है। वहीं जैन मंदिर और हैदरपुर वेटलैंड क्षेत्र में क्रूज संचालन के लिए 3.89 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

किसानों के खातों में पहुंचे 887 करोड़ रुपये

कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद के 2 लाख 7 हजार 205 किसानों के खातों में सीधे 887.80 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा 1,802 किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं।

हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जिले में चार कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट संचालित हो रहे हैं, जो प्रतिदिन 28.11 टन गैस का उत्पादन कर रहे हैं। जल्द ही 14 नए बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 11 हजार 283 घरों पर सोलर प्लांट लगाए गए हैं, जिनसे 33 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।

सड़कों और पुलों से मजबूत हुई कनेक्टिविटी

प्रभारी मंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में जिले में 1,834.30 करोड़ रुपये की लागत से 3,170 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण किया गया है। 993.55 करोड़ रुपये की लागत से तीन राष्ट्रीय राजमार्गों का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 1,180 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन हाईवे का निर्माण तेजी से जारी है।

इसके अलावा नदियों और नहरों पर 127.07 करोड़ रुपये की लागत से 11 नए पुल बनाए गए हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

स्वास्थ्य और आवास योजनाओं का मिला बड़ा लाभ

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिले में 63.75 करोड़ रुपये की लागत से 70 नए अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 7 लाख 41 हजार 148 गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से 1.30 लाख से अधिक मरीजों का मुफ्त इलाज कराया गया है। इस पर 137.19 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

वयोवंदना योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु के 36 हजार 528 बुजुर्गों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा कवच से जोड़ा गया है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 42 हजार 172 गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।

हर घर तक पहुंचा शुद्ध पानी

जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना पर 515.82 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे गांव-गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। इसके साथ ही 1 लाख 20 हजार 45 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कर जनपद की सभी ग्राम पंचायतों को ओडीएफ घोषित किया गया है।

कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग मौजूद

मीडिया संवाद कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व विधायक प्रमोद ऊटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरप, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

बाइट – डॉ. सोमेन्द्र तोमर, प्रभारी मंत्री, मुजफ्फरनगर:
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर में विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। सरकार की हर योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया है और आगे भी विकास की यह गति जारी रहेगी।”

Latest news
Related news