खबर उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं से है।
बदायूं जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक राजमिस्त्री का शव करीब 12 किलोमीटर तक कार के चेसिस में फंसा हुआ घिसटता रहा। कार रुकने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मामला थाना बिल्सी क्षेत्र का है। रायपुर गांव निवासी राजमिस्त्री घलेंद्र शुक्रवार सुबह बाइक से अपने साढ़ू के यहां गए थे। देर शाम उनकी दर्दनाक मौत हो गई, लेकिन यह हादसा कहां हुआ, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे जब एक स्कॉर्पियो गाड़ी शहर के लालपुल तिराहा के पास पहुंची, तो पीछे चल रहे वाहन सवारों ने देखा कि कार के नीचे शव फंसा हुआ है। यह देखकर एक वाहन चालक ने ओवरटेक कर स्कॉर्पियो को रुकवाया। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और सड़क पर जाम लग गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार चालक प्रवेंद्र प्रताप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, कार चालक प्रवेंद्र प्रताप सिंह बदायूं के कृषि विभाग में कार्यरत हैं और विभागीय कॉलोनी में रहते हैं। ड्यूटी के बाद वह गांव असरासी में अपनी बीज-खाद की दुकान पर जा रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि रास्ते में उन्हें लगा कि सड़क पर कोई जानवर पड़ा है। उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद महसूस हुआ कि कार में कुछ फंस गया है। बारिश होने के कारण उन्होंने तुरंत कार नहीं रोकी।
घटना के बाद जब कार रोकी गई, तो लोगों ने देखा कि युवक का शव कार के चेसिस में फंसा हुआ है। मृतक की पहचान उसकी पैंट की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर की गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। यह पता लगाने के लिए कि हादसा कहां और कैसे हुआ, दो पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है।
“मुझे लगा सड़क पर कोई जानवर पड़ा है, बचाने की कोशिश की थी। बारिश हो रही थी, इसलिए तुरंत गाड़ी नहीं रोकी। बाद में लगा कि गाड़ी में कुछ फंस गया है।”
क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार उपाध्याय: ने मामले की जानकारी देते हुए बताया,मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाने के लिए कि हादसा कहां हुआ, दो टीमें लगाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

