Friday, October 2, 2026

105 शिकायतों से गूंजा समाधान दिवस, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी।



मुजफ्फरनगर, 6 जून 2026। जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर तहसील सदर सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का अंबार लग गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 105 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से केवल 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सका।

समाधान दिवस में जल निगम, बिजली विभाग, समाज कल्याण विभाग, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क और पुलिस प्रशासन समेत कई विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने शिकायतों की संख्या और उनकी गंभीरता को देखते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें और उनका गुणवत्तापूर्ण तथा संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान संभव नहीं है, उनमें शिकायतकर्ताओं को स्पष्ट रूप से कारण बताया जाए ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें, यह सुनिश्चित करें कि वह समाधान से संतुष्ट है तथा कार्रवाई का फोटो भी उपलब्ध कराएं।

बैठक में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे।

संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अभिनव राज, तहसीलदार सदर राधेश्याम गौड़, जिला चकबंदी अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुजफ्फरनगर, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित इस दिवस में बड़ी संख्या में शिकायतों का सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत माना जा रहा है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन तय समयसीमा के भीतर इन शिकायतों का कितना प्रभावी और निष्पक्ष समाधान कर पाता है।

Latest news
Related news