सिद्धार्थनगर जिले के सदर थाना क्षेत्र में कांशीराम आवास योजना के पास बनी पानी की टंकी पर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। दोपहर के समय पांच बच्चे टंकी पर चढ़ रहे थे। इनमें से दो बच्चे ऊपर पहुंच गए, जबकि तीन बच्चे जैसे ही ऊपर पहुंचने वाले थे, तभी बीच में लगी लोहे की सीढ़ी अचानक टूट गई और भरभराकर नीचे लटक गई।
सीढ़ी टूटने के साथ ही तीनों बच्चे करीब 100 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। वहीं, दो बच्चे टंकी के ऊपर ही फंस गए और नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
नीचे गिरे तीनों बच्चों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 14 वर्षीय सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया। वहीं 13 वर्षीय गोलू और 11 वर्षीय सनी का इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
उधर टंकी के ऊपर फंसे दोनों बच्चों को सुरक्षित निकालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया। पहले रात में टंकी तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाने की कोशिश की गई, लेकिन तड़के करीब 3 बजे शुरू हुई बारिश के कारण काम बाधित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना की मदद ली गई। सुबह 5:20 बजे गोरखपुर से सेना का हेलिकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंचा। करीब 15 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में दोनों फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद सेना के जवान उन्हें हेलिकॉप्टर से गोरखपुर लेकर रवाना हो गए।
घटनास्थल पर जिलाधिकारी, एडीएम, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम और सीओ सदर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।
इस हादसे ने इलाके में शोक और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की टंकी की सीढ़ी पहले से ही जर्जर थी, लेकिन समय रहते उसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। अब लोग जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

