मुजफ्फरनगर। जनपद की बुढ़ाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप की 2,845 शीशियां, 3 लाख रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त एक आल्टो कार बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशीली दवाओं के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई सहारनपुर परिक्षेत्र में चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना बुढ़ाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुढ़ाना-कांधला मार्ग से विज्ञाना जाने वाले रास्ते पर स्थित एक खंडहर के पास घेराबंदी कर छापेमारी की और तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमजद निवासी मेरठ, हाल निवासी विकासनगर (उत्तराखंड), गुलवेज निवासी खतौली और जोएब निवासी लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े शुभम निवासी गाजियाबाद की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे गाजियाबाद से प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार बरामद 3 लाख रुपये की नकदी भी इसी अवैध धंधे से अर्जित की गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप को उत्तराखंड ले जाकर बेचने की तैयारी में थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा और एक बड़े अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। अधिकारियों का मानना है कि मामले की गहराई से जांच में और भी कई लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
थाना बुढ़ाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संजय कुमार वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर
“ऑपरेशन सवेरा के तहत बुढ़ाना पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप, नकदी और एक वाहन बरामद हुआ है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

