ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंट्रल नोएडा वेस्ट क्षेत्र स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी में होली के दिन माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब सुरक्षा गार्ड और निवासियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में सुरक्षा गार्डों पर निवासियों को लाठी-डंडों से मारने का आरोप लगा है। पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार होली के मौके पर सोसायटी के कुछ निवासी अपने परिवार के साथ डांस और जश्न मना रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने कथित तौर पर उन्हें टोका-टोकी की। निवासियों का आरोप है कि कुछ लोग शराब के नशे में थे और इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर तीन से चार सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि गार्डों ने एक निवासी को पकड़कर धक्का-मुक्की की और फिर डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक झड़प काफी बढ़ चुकी थी।
बताया जा रहा है कि मारपीट में एक निवासी को चोट भी आई है। वहीं घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
यह मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तक भी मामला पहुंचा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर सच्चाई की पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के दिन हुई इस घटना ने सोसायटी के माहौल को खराब कर दिया। वहीं निवासियों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

