Thursday, October 1, 2026

होली के बाद मुजफ्फरनगर में तनाव: दो पक्षों में पथराव, कई लोग हिरासत में।


उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में होली पर्व के बाद माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने बड़ा विवाद का रूप ले लिया। मामला थाना तितावी क्षेत्र के अमीननगर गांव का बताया जा रहा है, जहां दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते झड़प शुरू हो गई।

जानकारी के अनुसार, होली के बाद किसी बात को लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर विवाद में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने अपने-अपने घरों की छतों पर चढ़कर एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग छतों से एक-दूसरे की ओर पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई।

सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति घटना में शामिल पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

Latest news
Related news