मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में एक हिंदू युवती के साथ दो युवकों के मिलने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने दोनों युवकों और युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामला कीर्ति पैलेस चौकी क्षेत्र के मेडिकल एक्सटेंशन इलाके का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवती बुलंदशहर जिले के श्याना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि दोनों युवक मेरठ के हुमायूं नगर निवासी बताए गए हैं। आरोप है कि युवकों ने युवती को किसी नशीले पदार्थ का सेवन कराया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। युवती को बेहोशी की हालत में रिंग रोड के पास छोड़ने की भी बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवती के साथ मौजूद दोनों युवकों को पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवती के साथ दुष्कर्म की घटना भी हुई है। हालांकि अभी तक हुई मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस सुचिता सिंह ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट समेत सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की हालत बिगड़ने के पीछे क्या कारण था, उसे कोई नशीला पदार्थ दिया गया था या नहीं, और घटना से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जनपद मेरठ से संवाददाता दीपक वर्मा की रिपोर्ट।

