गाजियाबाद में हरीश राणा से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके परिवार को आर्थिक और रोजगार संबंधी बड़ी मदद देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे और इस दुखद घटना को लेकर परिवार के सदस्यों से विस्तार से बातचीत की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहायता दी जाएगी।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में हरीश राणा के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद स्वीकृत की गई है। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य अशोक राणा को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) या नगर निगम की ओर से बिना किसी शुल्क के एक स्थायी दुकान आवंटित की जाएगी, ताकि परिवार भविष्य में अपना जीवनयापन सम्मानपूर्वक कर सके।
उन्होंने यह भी बताया कि हरीश राणा के इलाज में जो भी दवाइयों और चिकित्सा पर खर्च हुआ है, उसका पूरा भुगतान स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि परिवार पर इलाज का कोई आर्थिक बोझ न पड़े।
जिलाधिकारी ने आगे कहा कि यदि भविष्य में भी इस परिवार को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होती है, तो जिला प्रशासन उनकी हर संभव मदद करेगा। प्रशासन लगातार परिवार के संपर्क में रहेगा और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस दौरान जिलाधिकारी ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

