Thursday, October 1, 2026

स्कूल में चौकीदार की निर्मम हत्या, पुलिस ने बनाई 3 टीमें।


स्कूल में चौकीदार की निर्मम हत्या, पुलिस ने बनाई 3 टीमें


मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक स्कूल के चौकीदार की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 अप्रैल 2026 की सुबह थाना चरथावल पुलिस को सूचना मिली कि किड्स हैविन पब्लिक स्कूल में तैनात चौकीदार राजू उर्फ राजकुमार (उम्र लगभग 50 वर्ष), पुत्र महेन्द्र, निवासी कस्बा व थाना चरथावल की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि हमलावर ने धारदार हथियार से वार कर इस वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी सदर और थाना चरथावल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में जुटी हैं।

पुलिस ने इस हत्या के खुलासे के लिए तेजी दिखाते हुए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। एसओजी और थाना चरथावल पुलिस की कुल तीन टीमों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

मृतक के परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चरथावल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना बेहद गंभीर है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की हर एंगल से जांच जारी है।

Latest news
Related news