Thursday, October 1, 2026

सहारनपुर: युवती के घर छोड़ने पर बवाल, गांव में भारी तनाव !



सहारनपुर जिले के थाना गंगोह क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा में एक हिंदू युवती के दूसरे समुदाय के युवक के साथ प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़कर चले जाने के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना के बाद से गांव में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है और पिछले दो दिनों से इस मुद्दे पर पंचायतों का दौर जारी है।

बताया जा रहा है कि युवती के घर से जाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने युवती की बरामदगी की मांग करते हुए विरोध शुरू कर दिया। इसी क्रम में आज संगठनों द्वारा बड़े धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया गया, जिसके बाद गांव के बाहर सड़क पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और जमकर हंगामा किया।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला युवती के घर से जाने से जुड़ा है और उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जबकि प्रशासन की प्राथमिकता युवती की सुरक्षित बरामदगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

Latest news
Related news