सहारनपुर पुलिस को एक बड़ी और सराहनीय सफलता हाथ लगी है। दिल्ली रोड स्थित डायमंड शोरूम कैरटलेन में हुई करोड़ों रुपये के आभूषणों की चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पूरी तरह खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस टीमों ने अभियुक्तों के कब्जे से करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण और 45,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस चोरी की मुख्य साजिश और क्रियान्वयन इरशाद उर्फ काला ने किया था। इरशाद उत्तराखंड के रुड़की का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से ही करीब 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चोरी की इस बड़ी वारदात को इरशाद ने अकेले अंजाम दिया, जबकि उसके अन्य साथियों ने उसे छिपने और माल ठिकाने लगाने में मदद की।
पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई करते हुए 100 प्रतिशत रिकवरी की है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सभी अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें आज न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरे मामले का खुलासा सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि चोरी के खुलासे के लिए करीब पांच विशेष पुलिस टीमें लगाई गई थीं, जिन्होंने लगातार मेहनत और बेहतर समन्वय के साथ इस वारदात का सफल खुलासा किया।
एसएसपी ने कहा कि टीमों की इस शानदार कार्यप्रणाली के लिए प्रत्येक टीम को 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया गया है। पुलिस कप्तान ने इसे सहारनपुर पुलिस की प्रोफेशनल और सख्त कार्यशैली का उदाहरण बताया।
यह कार्रवाई सहारनपुर पुलिस की सतर्कता और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख को साफ तौर पर दर्शाती है, जिससे आम जनता में सुरक्षा और भरोसे का माहौल मजबूत हुआ है।

