Thursday, October 1, 2026

सड़क धंसी, डस्ट से भरा ट्रक अचानक पलटा — बड़ा हादसा टला।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना कस्बे में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़ा डस्ट (मिट्टी) से भरा एक भारी ट्रक अचानक जमीन धंसने के कारण भरभराकर पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आसपास की दुकानों को नुकसान जरूर पहुंचा है।

यह पूरी घटना पास में लगे नगर पंचायत के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक पलटते ही सड़क पर मौजूद लोग घबराकर भागते नजर आते हैं और किसी तरह अपनी जान बचाते हैं।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बुढ़ाना की है। देर रात एक ट्रक, जो डस्ट से भरा हुआ था, सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान ट्रक चालक और कंडक्टर किसी काम से नीचे उतर गए। तभी अचानक सड़क धंस गई और भारी ट्रक संतुलन खोकर एक तरफ पलट गया।

हादसे के दौरान ट्रक के पास मौजूद दुकानों को नुकसान पहुंचा है। दुकानों के टीन शेड और अन्य सामान टूट गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रक में कोई मौजूद नहीं था और आसपास के लोग समय रहते दूर हट गए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

प्रत्यक्षदर्शी नासिर अली के अनुसार, “ट्रक यहां आकर खड़ा हुआ था। चालक और कंडक्टर नीचे उतरकर चले गए थे। तभी जमीन धंस गई और ट्रक बैठकर पलट गया। इसमें डस्ट भरी थी। दुकानों के ऊपर गिरने से कुछ नुकसान हुआ है, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।”

फिलहाल, इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और नगर निकाय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क धंसने जैसी घटनाएं न केवल लापरवाही को दर्शाती हैं बल्कि भविष्य में बड़े हादसों का कारण भी बन सकती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच और सुधार की मांग की है।

Latest news
Related news