मुजफ्फरनगर में अल्पसंख्यक स्कूल्स विकास मंच की मासिक बैठक बी बी आर हाई स्कूल, बझेड़ी रोड बाईपास पर आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मंच से जुड़े विद्यालयों के संचालकों, पदाधिकारियों और शिक्षाविदों ने भाग लेकर स्कूलों की समस्याओं और उनके समाधान पर अपने सुझाव रखे।
बैठक की शुरुआत मंच के अध्यक्ष मरगूब इलाही ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने समय पर बैठक में पहुंचने के लिए सभी का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन मौ. हाशिम त्यागी ने किया।
बैठक में बिना टीसी के प्रवेश प्रक्रिया, यू-डायस पोर्टल पर विद्यार्थियों की आयु संबंधी विसंगतियां और विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि कई बार गलत आयु दर्ज होने और बिना आवश्यक दस्तावेजों के प्रवेश लेने से विद्यालयों को प्रशासनिक स्तर पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए एक ठोस प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने पर सहमति बनी।
मंच के उपाध्यक्ष डॉ. अरशद सम्राट ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभिभावकों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि मंच द्वारा विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई जा रही है।
बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। ब्लॉक स्तर तक मंच को मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने और विद्यालयों की समस्याओं को संगठित तरीके से शासन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही ASVM के बैनर तले सीरत-उन-नबी विषय पर दीनी मुकाबले आयोजित कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। सदस्यों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में नैतिक शिक्षा और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने में सहायक होंगे।
अध्यक्ष मरगूब इलाही ने कहा कि मंच का उद्देश्य अल्पसंख्यक विद्यालयों की समस्याओं को एक साझा मंच पर उठाकर उनका समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि संगठन को गांव और ब्लॉक स्तर तक सक्रिय किया जाएगा ताकि हर स्कूल की समस्याओं को समय रहते प्रशासन तक पहुंचाया जा सके।
महासचिव जहांगीर आलम ने कहा कि जो विद्यालय अभी तक मंच से नहीं जुड़े हैं, उनसे लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने सभी विद्यालय संचालकों से एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मंच द्वारा शिक्षा सुधार और विद्यालयों के हित में उठाए जा रहे कदमों को सराहनीय बताया। सभी ने एकजुट होकर शिक्षा से जुड़े मुद्दों को शासन स्तर तक पहुंचाने और विद्यार्थियों के हित में काम करने का संकल्प लिया।
बैठक में डॉ. अरशद सम्राट, डॉ. कामिल, मौ. हाशिम, जावेद, उस्मान, मौ. आसिफ, नुशरत राजपूत, जहांगीर आलम, शाहबाज खान, मो. बाबर, इमरान सलमानी, शाहनवाज, डॉ. साबिर अली, आसिफ अली, इमरान सैफी, परवेज आलम, मौ. सऊद, नवाजिश, मौ. आबिद, शाह नजर, मौ. शाहवेज़, मोमीन अली सहित कई विद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
शिक्षा विभाग और प्रशासन से भी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग और समन्वय बनाए रखने की अपील की गई, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

