Thursday, October 1, 2026

शादी में कुत्ते लाने पर बवाल, शादी टूटी, 8 घायल।




उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा कस्बे में एक शादी समारोह उस समय हिंसक झगड़े में बदल गया जब लड़की पक्ष द्वारा लाए गए पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दूल्हे ने शादी करने से इंकार कर दिया और दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। मारपीट में महिलाओं सहित 8 लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, लड़की पक्ष प्रयागराज से बारात लेकर खागा आया था। 19 फरवरी को खागा के एक गेस्ट हाउस में शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान लड़की पक्ष अपने साथ लाया पालतू कुत्ता खुला छोड़ दिया। आरोप है कि कुत्ता बारातियों पर भौंकने लगा और कुछ लोगों को काटने की कोशिश की। इस पर लड़के पक्ष ने विरोध जताया और कुत्ते को बांधने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि लड़के पक्ष के कुछ लोगों ने डंडा लेकर कुत्ते को वहां से भगा दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से कुर्सियां चलने लगीं और जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में महिलाओं समेत 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले के बाद दोनों पक्ष खागा कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। दूल्हे पक्ष का कहना है कि लड़का और लड़की के बीच कई सालों से प्रेम प्रसंग था और दोनों ने पहले ही मंदिर में कोर्ट मैरिज कर ली थी। बाद में परिवार की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाज से शादी की जा रही थी, लेकिन इस घटना के बाद दूल्हे ने शादी से साफ इंकार कर दिया।

वहीं लड़की पक्ष के लोगों ने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।

फिलहाल खागा कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां एक पालतू कुत्ते की वजह से दो परिवारों का रिश्ता टूट गया और शादी का समारोह हिंसा में बदल गया।

Latest news
Related news