मुजफ्फरनगर। जिले में एक विवाहित महिला ने अपने पूर्व प्रेमी और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि शादी से पहले विवाह करने से इनकार करने वाला युवक अब उसकी शादीशुदा जिंदगी में दखल देकर लगातार उस पर पति को छोड़ने और उससे शादी करने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर पति के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्राम जसोई निवासी मुस्कान पत्नी इमरान ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शादी से पहले उसका मंसूरपुर निवासी वासिक के साथ प्रेम संबंध था। पीड़िता के अनुसार उस समय वासिक और उसके परिजनों ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद परिवार की सहमति से उसकी शादी इमरान के साथ हो गई और वह अपने वैवाहिक जीवन में खुशहाल तरीके से रह रही थी।
महिला का आरोप है कि विवाह के बाद भी वासिक ने उसका पीछा करना और संपर्क करने का प्रयास बंद नहीं किया। वह लगातार उस पर अपने पति को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बनाता रहा। पीड़िता का कहना है कि उसने कई बार इस तरह की हरकतों का विरोध किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
शिकायत के अनुसार 27 मई को वह अपने मायके से पति के साथ वापस जसोई लौट रही थी। इसी दौरान वासिक ने कथित रूप से टेंपो से उनका पीछा किया और रास्ते भर अभद्र हरकतें करता रहा। आरोप है कि जब वे शहीद चौक पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद वासिक अपने कई साथियों के साथ उनके सामने आ गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके पति को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
महिला का कहना है कि इस दौरान आरोपियों ने खुलेआम उसके पति को तलाक देने और वासिक से शादी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान अफरा-तफरी में उसके सोने के कुंडल और गले की चेन भी गायब हो गई।
पीड़िता के अनुसार घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई थी। इसके अलावा खालापार चौकी में भी लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। हालांकि आरोप है कि अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके चलते परिवार दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है।
महिला ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

