नोएडा पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले एक बड़े फर्जी रिक्रूटमेंट रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क में छापेमारी कर इस गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरीम खान, शोएब खान, रितिका, मन्तसा अब्बासी, फातिमा और खुशी उर्फ खुशबू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए बेरोजगार युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस चेकिंग के दौरान सरीम खान और शोएब खान संदिग्ध अवस्था में मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि ये लोग M/S RECRUITE SERVICE नाम से फर्जी कंपनी चला रहे थे। यह गैंग फेसबुक और इंस्टाग्राम पर “We Are Hiring” के नाम से पेड विज्ञापन चलाकर लोगों को क्रूज शिप और विदेशों में नौकरी दिलाने का झांसा देता था।
गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। सबसे पहले सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए लोगों का डेटा जुटाया जाता था। इसके बाद कॉल कर नौकरी का भरोसा दिलाया जाता और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। विश्वास बनाने के लिए पीड़ितों को ई-मेल के जरिए फर्जी जॉइनिंग लेटर भी भेजे जाते थे। पैसे मिलने के बाद यह गैंग अपना ऑफिस बदलकर फरार हो जाता था और ठगी की रकम आपस में बांट लेता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क में किराये पर ऑफिस ले रखा था, जहां से पूरे रैकेट का संचालन किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 5 मॉनिटर, 5 सीपीयू, 5 कीबोर्ड, 4 माउस और 1 राउटर बरामद किया। इसके अलावा 2 बैंक पासबुक, 1 एटीएम कार्ड, 20 नोटपैड डायरी, 2 मोहरें और 44 फोटोस्टेट दस्तावेज भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है। साथ ही इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

