मुजफ्फरनगर। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने कहा कि देश और प्रदेश में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं, जिसके खिलाफ समाजवादी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, नौजवान, मजदूर और महिलाएं परेशान हैं तथा जनता 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है।
मुजफ्फरनगर आगमन पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम बागोवाली बाईपास पर समाजवादी पार्टी के पुरकाजी विधानसभा अध्यक्ष संजीव आर्य द्वारा आयोजित विधानसभा समीक्षा बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अपने संबोधन में अरविंद गिरी ने कहा कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। महंगी शिक्षा, रोजगार के घटते अवसर और आरक्षण व्यवस्था पर बढ़ते सवालों ने युवाओं में निराशा पैदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बेरोजगार युवाओं की बड़ी आबादी खड़ी हो गई है और किसान-मजदूर भी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बार-बार कमजोर करने की कोशिशों से समाज के विभिन्न वर्गों में आक्रोश बढ़ रहा है। युवा, किसान, मजदूर और महिलाएं बदलाव चाहती हैं और यही भावना आने वाले समय में बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से मिशन-2027 में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं और गांव-गांव जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही किसानों, युवाओं, पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों की वास्तविक आवाज है तथा पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में जनहित की सरकार स्थापित करना है।
समीक्षा बैठक के बाद अरविंद गिरी रथेड़ी गांव पहुंचे, जहां सपा नेता कमर रफी के आवास पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया और दोपहर का भोजन किया। इस दौरान भी उन्होंने संगठन को मजबूत करने और विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी प्रदेश सचिव विनय पाल, प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि, समाजवादी शिक्षक सभा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल, समाजवादी युवजन सभा प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर शोएब राणा, सपा नेता साजिद हसन, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सतीश गुर्जर, डॉ. मोनिका सिंह, महिला सभा जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर, लोकेंद्र कुमार सिमरथी, डॉ. इसरार अल्वी, कपिल मलिक, दीप्ति पाल, नावेद रंगरेज, सत्यवीर त्यागी, डॉ. नरेंद्र सैनी, आयुष चौधरी, तौकीर गौर, नदीम खान, अरशद मलिक, फिरोज अंसारी, नियाज हैदर, नदीम मलिक, रिजवान मुजफ्फर, मुस्तकीम प्रधान, शाहिद गौड़ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

