Thursday, October 1, 2026

लखनऊ में बेटे ने पिता की लाठी से पीटकर हत्या, गांव में दहशत।

 


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने ही अपने पिता की बेरहमी से लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, मोहनलालगंज क्षेत्र के खुजेहटा गांव में रविवार को पारिवारिक विवाद के दौरान एक कलयुगी बेटे ने गुस्से में आकर अपने ही पिता पर लाठी से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी बेटे ने अपने पिता को इतनी बेरहमी से पीटा कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मोहनलालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग हैरान हैं कि आखिर एक बेटा अपने ही पिता के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है।

Latest news
Related news