Friday, October 2, 2026

राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी, पूर्व विधायक विक्रम सैनी ने कहा-बुद्धि की गरीबी सबसे बड़ी गरीबी।








मुजफ्फरनगर में कैबिनेट मंत्री सोमेंद्र तोमर के कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व विधायक ने बढ़ती हिंसा, अपराधियों पर कार्रवाई और जनसंख्या जैसे मुद्दों पर भी रखी बेबाक राय

मुजफ्फरनगर।

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सोमेंद्र तोमर के मुजफ्फरनगर दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय अग्रवाल के आवास पर आयोजित जलपान कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक विक्रम सैनी ने प्रदेश में बढ़ती हिंसा, हालिया आपराधिक घटनाओं और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

पूर्व विधायक विक्रम सैनी ने हालिया हत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और जो भी व्यक्ति कानून हाथ में लेकर किसी की हत्या करेगा, उसके खिलाफ कठोरतम कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि समाज के जिम्मेदार लोगों और अभिभावकों की भी बड़ी भूमिका है। बच्चों को अच्छे संस्कार देने, भाईचारे की भावना विकसित करने और हिंसा से दूर रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज में प्रतिशोध और हिंसा की प्रवृत्ति बढ़ी तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है।

विक्रम सैनी ने कहा कि यदि किसी अपराधी का मकान अवैध रूप से बना हुआ पाया जाता है तो कानून के अनुसार उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि अपराध करने वालों को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और सरकार अपराध एवं अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है।

बातचीत के दौरान उन्होंने देश में घटती जनसंख्या वृद्धि और एकल संतान की प्रवृत्ति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में परिवार छोटे हो रहे हैं, जिसके कारण सामाजिक और पारिवारिक संरचना में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।

इसी दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए विक्रम सैनी ने तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाला व्यक्ति कभी गरीब नहीं रहता और वास्तविक गरीबी सोच तथा समझ की होती है। इसी संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी के लिए विवादित शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें “बुद्धिहीन” बताया। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

पूर्व विधायक ने कहा कि व्यक्ति की आर्थिक स्थिति से अधिक महत्वपूर्ण उसकी सोच और कार्य करने की क्षमता होती है। उन्होंने दावा किया कि जो व्यक्ति मेहनत करता है वह आगे बढ़ता है, जबकि काम से दूरी और गलत आदतें व्यक्ति को पीछे ले जाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री सोमेंद्र तोमर का स्वागत किया। मंत्री ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम के बाद सभी नेता अपने निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।

Latest news
Related news