उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। थाना मिलक क्षेत्र में एक बिजली मैकेनिक युवक ने देर रात कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चला ली। गोली की तेज आवाज सुनकर घर के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर किन परिस्थितियों में एक युवा इस तरह का कदम उठाने को मजबूर हो जाता है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

