मुजफ्फरनगर।
खतौली थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का सफल खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर श्री सत्यनारायण प्रजापत तथा क्षेत्राधिकारी खतौली श्री राम आशीष यादव के नेतृत्व में थाना प्रभारी खतौली श्री दिनेश चन्द्र की टीम द्वारा की गई।
दिनांक 21 जनवरी 2026 को कृष्ण कुमार पुत्र प्रमोद कुमार निवासी ग्राम दादरी, थाना दौराला, जिला मेरठ ने थाना खतौली में तहरीर दी थी कि उनकी बहन टैम्पो से यात्रा कर रही थी, तभी दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में थाना खतौली पर मुकदमा संख्या 25/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
24 जनवरी को थाना खतौली पुलिस सफेदा कट, मंडी समिति के सामने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल छिनैती के आरोपी शेखपुरा की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो मोटरसाइकिल सवार भागने लगे। तेज गति के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों बदमाश जंगल की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश आकिब गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे बदमाश सौरभ वर्मा को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
1. आकिब पुत्र वकील, निवासी ग्राम कैलावड़ा कलां, थाना खतौली, उम्र करीब 23 वर्ष (घायल)
2. सौरभ वर्मा पुत्र अनिल वर्मा, निवासी ग्राम कैलावड़ा कलां, थाना खतौली, उम्र करीब 23 वर्ष
छीना गया मोबाइल फोन (टेक्नो कंपनी)
घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (UP12 AP 2422)
02 तमंचे, 02 जिंदा कारतूस और 02 खोखा कारतूस (.315 बोर)
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल बदमाश आकिब के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम, बीएनएस की धाराएं और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। वहीं, सौरभ वर्मा के खिलाफ भी हालिया आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 21 जनवरी को खतौली से मेरठ की ओर जा रही एक युवती से मोबाइल फोन छीना था। उन्होंने यह भी बताया कि वे दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी खतौली सहित कई अधिकारी और जवान शामिल रहे, जिन्होंने साहस और सतर्कता के साथ अपराधियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

