Thursday, October 1, 2026

मेरठ कैंट में अतिक्रमण पर बड़ा प्रहार, सड़कें खाली—व्यवस्था बहाल करने की सख्त कार्रवाई।

मेरठ के कैंट क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया है कि अब नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लालकुर्ती, पेठ और जीरो माइल से लेकर पिंकी छोले भटूरे वाली रोड तक पूरे इलाके में व्यापक अभियान चलाया गया, जिससे दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इस कार्रवाई का नेतृत्व कैंट बोर्ड के रेवेन्यू अधिकारी रितेश और एसपी ट्रैफिक की मौजूदगी में किया गया। प्रशासनिक टीम पूरी तैयारी और सख्ती के साथ मौके पर पहुंची और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाना शुरू किया। कई जगहों पर दुकानदारों द्वारा फुटपाथ और सड़क तक फैलाए गए सामान को जब्त कर लिया गया।

कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए खुद ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया, लेकिन जहां विरोध या लापरवाही दिखाई दी, वहां प्रशासन ने सख्त कदम उठाने में कोई ढील नहीं दी।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करना और आम लोगों के लिए रास्तों को सुरक्षित व सुगम बनाना है। लंबे समय से अतिक्रमण के कारण जाम और अव्यवस्था की समस्या बनी हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और कानूनी कदम भी शामिल हो सकते हैं।

इस सख्त कार्रवाई से एक तरफ जहां व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी तरफ यह भी साफ हो गया है कि अब नियम तोड़ने वालों के लिए कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

Latest news
Related news