मेरठ। शहर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में स्थित बिजली बंबा बाईपास के एक होटल में मुंबई से आए एक फिल्म निर्देशक का बैग चोरी होने का गंभीर मामला सामने आया है। बैग में रखा मोबाइल, लैपटॉप, महंगी घड़ी समेत करीब सात लाख रुपये का सामान गायब होने से होटल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार स्वस्तिक प्रोडक्शन कंपनी के निर्माता और फिल्म निर्देशक सिद्धार्थ तिवारी गुरुवार शाम मुंबई से मेरठ पहुंचे थे। वह बिजली बंबा बाईपास स्थित होटल कन्वे में कमरे नंबर 507 में ठहरे हुए थे। आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब वह नींद से उठे तो उनका एप्पल मोबाइल फोन कमरे से गायब था। जब उन्होंने अपना बैग देखा तो वह भी कमरे में नहीं मिला।
मामले की जानकारी देते हुए निर्देशक के पर्सनल बॉय प्रकाश तिवारी ने बताया कि बैग में लैपटॉप, महंगी घड़ी, जूते और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। इन सभी सामानों की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रकाश तिवारी ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि होटल में लगे अधिकतर सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हुए हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गुरुवार रात कमरे का एसी खराब हो गया था। इसकी सूचना होटल कर्मचारियों को दी गई थी। इसके बाद एसी ठीक करने के लिए होटल के चार कर्मचारी कमरे में आए थे। आरोप है कि उसी के बाद यह चोरी की घटना हुई।
सुबह जब कमरे में मौजूद लोगों की नींद खुली तो बैग और उसमें रखा कीमती सामान गायब था। घटना का पता चलते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज और होटल स्टाफ से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। बाहर से आने वाले मेहमानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

