मुजफ्फरनगर।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मल्लूपुरा इलाके का है। स्थानीय लोगों के अनुसार किसी छोटी सी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन दोनों पक्षों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि मारपीट काफी देर तक चलती रही। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

