मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सीएमएसडी स्टोर और बामनहेरी स्थित केंद्रीय ड्रग वेयरहाउस का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवाइयों की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था, स्टॉक प्रबंधन और वितरण प्रणाली की गहन जांच की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सबसे पहले जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सीएमएसडी स्टोर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आवश्यक और जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही दवाओं के रख-रखाव, रिकॉर्ड संधारण और स्टॉक रजिस्टर की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को दवाइयों की कमी का सामना न करना पड़े और सभी दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान दवाइयों की एक्सपायरी डेट की विशेष रूप से जांच कराई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि एक्सपायर होने वाली दवाओं को समय रहते अलग किया जाए और नियमानुसार उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा स्टोर में साफ-सफाई, तापमान नियंत्रण और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था को भी गंभीरता से परखा गया।
इसके बाद डॉ. सुनील तेवतिया ने बामनहेरी स्थित केंद्रीय ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण किया। यह वेयरहाउस पूरे जनपद के स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सालयों को दवाइयों की आपूर्ति का मुख्य केंद्र है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाओं के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपलब्धता की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी स्वास्थ्य इकाइयों तक समय पर और पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए दवाइयों की उपलब्धता और पारदर्शी स्टॉक प्रबंधन बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी शिकायत या दवा उपलब्धता की समस्या होने पर जन शिकायत ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

