उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में इन दिनों एक अजीब लेकिन बेहद गंभीर तरह की आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसने स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। यहां “थप्पड़ गैंग” नाम से पहचाने जा रहे कुछ अराजक तत्व रात के समय बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों को निशाना बना रहे हैं। ये युवक पीछे से आते हैं और अचानक थप्पड़ या बेल्ट जैसी चीज से हमला कर मौके से फरार हो जाते हैं।
ताजा मामला 7 अप्रैल की शाम का है, जब नगर कोतवाली क्षेत्र के गौशाला मोहल्ले में दीपक नाम का एक युवक मंदिर से अपने घर लौट रहा था। तभी पीछे से बाइक पर सवार दो-तीन युवक आए और दीपक को जोरदार थप्पड़ मारकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, थप्पड़ इतना तेज था कि उसकी नाक से खून निकलने लगा और कुछ समय के लिए उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया।
इस पूरी घटना की तस्वीर पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक किस तरह पीछे से आकर वारदात को अंजाम देते हैं और तुरंत फरार हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें राह चलते लोगों को थप्पड़ मारना या बेल्ट से हमला करना शामिल है। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
घटना के बाद पीड़ित दीपक ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इस मामले पर जानकारी देते हुए एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस टीमें इलाके में गश्त कर रही हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। बाइक और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह गैंग पहले से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है या नहीं। अगर ऐसा पाया जाता है, तो इनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह की घटनाएं न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी इस “थप्पड़ गैंग” पर लगाम लगा पाती है।

