Thursday, October 1, 2026

मुजफ्फरनगर में गैस को लेकर बवाल, कालाबाजारी के आरोप से मचा हंगामा।

मुजफ्फरनगर:
घरेलू गैस की किल्लत अब आम लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। बुधवार को रामपुरी मोहल्ले में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब दर्जनों उपभोक्ताओं ने गैस वेंडर पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा कर दिया। गुस्साए लोगों ने वेंडर का घेराव किया और प्रशासन से मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले में गैस वितरण को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। बुधवार को कई उपभोक्ता गैस लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। इससे नाराज लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। स्थानीय निवासी राजकुमार तोमर के नेतृत्व में लोगों ने आरोप लगाया कि गैस वेंडर जानबूझकर सिलेंडर छिपाकर ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग करने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है। एक उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था। कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर डिलीवरी सफल होने का मैसेज भी आ गया, लेकिन वास्तव में उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। लोगों का आरोप है कि गैस वेंडर टेंपो में भरकर सिलेंडरों को दूसरी जगह भेज रहे हैं और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटा रहे हैं।

वहीं दूसरी तरफ गैस वेंडर विपिन कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि इस समय गैस की सप्लाई बहुत कम आ रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार को उन्हें सिर्फ 15 सिलेंडर ही मिले थे, जबकि उपभोक्ताओं की संख्या काफी ज्यादा है। वेंडर के अनुसार, जिन लोगों के पास बुकिंग की पर्ची है उन्हें ही प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही मौके पर ही ग्राहकों की केवाईसी प्रक्रिया भी पूरी कराई जा रही है ताकि वितरण में पारदर्शिता बनी रहे।

दरअसल, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े तनाव के कारण देश में गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसी को देखते हुए सरकार ने नई एडवाइजरी भी जारी की है। इसके तहत अब एक घरेलू गैस सिलेंडर 25 दिन के अंतराल के बाद ही बुक किया जा सकेगा। इसके अलावा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। इन नियमों और गैस की कमी के चलते कई जगहों पर उपभोक्ताओं और गैस वितरकों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है।

रामपुरी के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कालाबाजारी हो रही है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही गैस की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई और उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे जिला कलेक्ट्रेट पर बड़ा प्रदर्शन करेंगे।

Latest news
Related news