Friday, October 2, 2026

मुजफ्फरनगर में एफएमडी पर वार: 5.35 लाख पशुओं को लगेगा टीका।



मुजफ्फरनगर। जिले में पशुओं को जानलेवा संक्रामक बीमारी खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) से बचाने के लिए राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सातवें चरण के टीकाकरण अभियान की गुरुवार 22 जनवरी 2026 से औपचारिक शुरुआत कर दी गई।
अभियान का शुभारंभ विकास भवन, मुजफ्फरनगर से मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस दौरान टीकाकरण वाहनों को प्रशिक्षित कार्मिकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी एवं विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह अभियान पशुधन की सेहत और किसानों की आजीविका के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। एफएमडी जैसी बीमारी से दूध उत्पादन घटता है और पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसी को देखते हुए विभाग की टीमें दूर-दराज के गांवों तक पहुंचकर घर-घर टीकाकरण करेंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले के 9 विकासखंडों में स्थित 46 पशु चिकित्सालयों के अंतर्गत 23 पशु चिकित्सा अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें अभियान के दौरान लगभग 5.35 लाख गौवंश एवं भैंसवंश पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
पशु चिकित्सा विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अभियान में पूरा सहयोग करें और अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराएं। पशुपालक अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क कर अपने गांव में टीकाकरण की तिथि और आने वाले कर्मचारियों की जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें।
यदि निर्धारित तिथि पर टीकाकरण न हो या किसी प्रकार की समस्या आए, तो तुरंत अपने निकटतम पशु चिकित्सालय में संपर्क करने को कहा गया है। प्रशासन का साफ संदेश है—टीकाकरण ही एफएमडी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news