Friday, October 2, 2026

मुजफ्फरनगर: बजरंग दल प्रशिक्षण शिविर में 20 जिलों के युवा, शारीरिक व आत्मरक्षा प्रशिक्षण जारी।



मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली विधानसभा क्षेत्र स्थित एक शिक्षण संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर जवाहरलाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज परिसर में चल रहा है, जिसमें मेरठ प्रांत के लगभग 20 जिलों से आए युवा भाग ले रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण शिविर 2 जून से शुरू हुआ है और 8 दिनों तक चलेगा। शिविर में प्रतिभागियों को मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण देने का दावा किया गया है। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर, अनुशासित और आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाना है।

शिविर में युवाओं को लाठी संचालन, जूडो-कराटे, शारीरिक व्यायाम तथा एयर गन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, आयोजकों द्वारा योग, मानसिक विकास, भारतीय संविधान, कानून और इतिहास से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन देने की बात कही गई है।

शिविर में शामिल एक प्रतिभागी आकाश कुमार ने बताया कि उन्हें लाठी चलाने, कराटे और शारीरिक अभ्यास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे स्वयं की सुरक्षा और समाज में आने वाली चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बन सकें।

वहीं संगठन के पश्चिम उत्तर प्रदेश महामंत्री गौरव राघव ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान योग, दंड अभ्यास और आत्मरक्षा तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि युवा विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा कर सकें।

आयोजकों का कहना है कि यह प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से अलग-अलग प्रांतों में आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, आत्मरक्षा क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

शिविर में प्रतिभागियों का दैनिक कार्यक्रम सुबह 4:30 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक चलने का दावा किया गया है।

Latest news
Related news