🏆 मुजफ्फरनगर की बेटी का गोल्डन कमाल
मुजफ्फरनगर। जनपद की बेटियां लगातार हर मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में मुजफ्फरनगर की होनहार बेटी वसुंधरा मलिक ने योगासन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरा जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार प्रवेश मलिक की सुपुत्री वसुंधरा मलिक ने 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 5 मई से 7 मई 2026 तक केंद्रीय विद्यालय संगठन के अंतर्गत मथुरा स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एम.आर.एन. में आयोजित की गई थी, जिसमें आगरा रीजन के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
मुजफ्फरनगर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मुजफ्फरनगर (शिफ्ट-1) की कक्षा 10वीं की छात्रा वसुंधरा मलिक ने आर्टिस्टिक योगासन अंडर-19 वर्ग में अपनी अद्भुत शारीरिक क्षमता, संतुलन, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर दिया।
यह उपलब्धि केवल एक पदक नहीं, बल्कि मुजफ्फरनगर की बेटियों के बढ़ते आत्मविश्वास, मेहनत और खेल प्रतिभा की बड़ी पहचान बनकर सामने आई है। वसुंधरा की इस सफलता की खबर मिलते ही शिक्षा जगत, खेल जगत, सामाजिक संगठनों और जिले के गणमान्य नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने वसुंधरा मलिक और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुजफ्फरनगर को अपनी इस बेटी पर गर्व है। वसुंधरा मलिक की यह जीत आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गई है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

