Thursday, October 1, 2026

मासूम भांजी से दरिंदगी करने वाला मामा मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने दबोचा।



मुजफ्फरनगर। जनपद के खतौली कोतवाली क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अपनी ही डेढ़ वर्षीय मासूम भांजी के साथ दुष्कर्म करने वाला आरोपी मामा पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को खतौली कोतवाली क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव में एक कलयुगी मामा ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी डेढ़ साल की भांजी के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया था। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था। गंभीर हालत में मासूम बच्ची को परिजनों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। इसी क्रम में गुरुवार देर रात पमनावली चौकी क्षेत्र में पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिंकू पुत्र ईश्वर निवासी मोहिद्दीनपुर बताया और मासूम भांजी के साथ दुष्कर्म की वारदात को स्वीकार किया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस जघन्य घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को जल्द पकड़ लेने पर स्थानीय लोगों ने राहत जताई है।

Latest news
Related news