मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एक रविदास मंदिर के पुजारी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के दौरान हत्या के दो आरोपियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मंदिर परिसर में शराब पीने से मना करने पर उन्होंने पुजारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
मामला थाना मंसूरपुर क्षेत्र के बेगराजपुर गांव का है, जहां गांव निवासी नत्थन रविदास मंदिर में पुजारी के रूप में रहकर पूजा-अर्चना किया करते थे। 10 जून की रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मृतक के भतीजे सागर ने थाना मंसूरपुर में लिखित तहरीर देकर गांव के ही अनिकेत और अरुण पर हत्या का आरोप लगाया था। शिकायत में कहा गया कि दोनों युवकों ने उसके ताऊ नत्थन की पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिजनों द्वारा नामजद तहरीर दिए जाने के बाद पुलिस ने तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के दोनों आरोपी बेगराजपुर से भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर मंसूरपुर पुलिस ने बेगराजपुर अंडरपास के निकट चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों अनिकेत और अरुण के पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात वे मंदिर परिसर में शराब पी रहे थे। पुजारी नत्थन ने उन्हें ऐसा करने से रोका और वहां से जाने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर दोनों ने पुजारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल, दो तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए खतौली क्षेत्राधिकारी रूपाली राव ने बताया कि 10 जून को थाना मंसूरपुर क्षेत्र के बेगराजपुर गांव में मंदिर में रहने वाले पुजारी नत्थन की मृत्यु की सूचना मिली थी। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताते हुए अनिकेत और अरुण के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई थी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान दोनों आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास कर रहे थे। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ रूपाली राव ने कहा कि मंसूरपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर हत्या की इस गंभीर वारदात का सफल अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों का इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

