Friday, October 2, 2026

बुढाना की मास्टर कॉलोनी में छात्रों के बीच विवाद, CCTV में कैद घटना !

मुजफ्फरनगर के बुढाना क्षेत्र की मास्टर कॉलोनी में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच सड़क पर हाथापाई शुरू हो गई। घटना के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सीसीटीवी फुटेज में कई युवक एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिसके बाद मामला शांत कराया गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में युवकों के बीच विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सामने आए वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
सीओ बुढाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। वीडियो की जांच की जा रही है और विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री साझा करने से बचें।

Latest news
Related news