मुजफ्फरनगर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत करते हुए पुलिस प्रशासन ने जोन और सेक्टर व्यवस्था लागू कर दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिले में किसी भी तरह की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बकरीद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एसएसपी के मुताबिक पूरे जनपद में करीब 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने के लिए 5 एडिशनल एसपी, 10 डीएसपी, 45 इंस्पेक्टर और 200 सब इंस्पेक्टर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी, आरक्षी और पीएसी बल के जवान भी लगातार गश्त करेंगे।
भीड़भाड़ वाले बाजारों, ईदगाहों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और पीएसी द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी और त्योहार को तय नियमों के तहत ही मनाया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। नमाज केवल निर्धारित मस्जिदों और ईदगाहों के अंदर ही पढ़ी जाएगी। इसके साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। खुले में कुर्बानी करने या अवशेष सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। कंट्रोल रूम से वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर रखेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।
नगर पालिका और संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और चूना छिड़काव के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और भाईचारे तथा शांति के साथ त्योहार मनाएं। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

